नाके के दौरान वाहनों के दस्तावेज की जांच करती क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम। स्रोत विज्ञप्त
कठुआ में यातायात नियमों के उल्लंघन पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम ने की कार्रवाई
कठुआ। यातायात नियमों के उल्लंघन पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम ने आठ वाहन चालकों के लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित कर दिए हैं। इनमें से दो वाहन ओवरलोड थे जबकि अन्य बिना हेल्मेट वाहन चलाते पाए गए। वहीं दो मिनी बसों के भी स्पीड गवर्नर के बिना गाड़ी चलाने पर रूट परमिट निलंबित कर दिए हैं।
टीम ने जगह-जगह नाकेबंदी कर औचक जांच की। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक हाईवे समेत लिंक मार्ग पर 487 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 119 वाहनों को यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए ई-चालान किए गए। विभाग ने चार वाहनों को जब्त भी किया है। इसके अलावा उल्लंघनकर्ताओं को 4,80,700 रुपये जुर्माना लगाया गया है।
हाईवे और लिंक मार्ग पर हो रही नियमित जांच : एआरटीओ ने बताया कि विभाग की ओर से हाईवे और लिंक मार्ग पर नियमित जांच कर लोगों को जागरूक किया जाता है। इन दिनों श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान प्रदेश के बाहर से आने वाले वाहनों को ओवरलोडिंग और अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया में जांचा जा रहा है।
यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क पर वही वाहन चलें जिनके दस्तावेज पूरे हों। इसके अलावा चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।-
जांच के दौरान कई वाहन ओवरलोडिंग के साथ बिना दस्तावेजों और कई वाहन स्पीड गवर्नर के बिना पाए गए। दाेपहिया वाहनों के चालक बिना हेल्मेट और कार चालक बिना सीट बेल्ट वाहन चलाते पाए गए। आठ लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। दो मिनी बसों के परमिट भी निलंबित किए हैं।
- शम्मी कुमार शर्मा
एआरटीओ कठुआ