संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला के खरोट मोड़ स्थित जम्मू-कश्मीर टूरिज्म के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में संभाग स्तरीय अंतर जिला गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता केे तीसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले करवाए गए। फाइनल में उधमपुर की टीम ने भारी अंतर से जीत हासिल की।
युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से करवाए जाने वाले अंडर 17 खो-खो (लड़कियां) के दूसरे दिन 7 मैच करवाए गए। जिसमें संभाग की 7 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा सेवा एवं खेल विभाग जम्मू कश्मीर के निदेशक सूरम चंद और उपनिदेशक जितेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन व जिला अधिकारी सुनील कुमार की देखरेख में पहला सेमीफाइनल मुकाबला जिला कठुआ और डोडा की टीमों में हुआ। जिसमें कठुआ की टीम ने डोडा को एक पारी और एक अंक से हरा फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला जिला उधमपुर और किश्तवाड़ में खेला गया। इसमें उधमपुर की टीम ने किश्तवाड़ को एक पारी और 7 अंकों से शिकस्त दी। उधमपुर ने भी फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद मेगा फाइनल मुकाबला कठुआ और उधमपुर की टीमों के मध्य खेला गया। जिसमें उधमपुर की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कठुआ की टीम को एक पारी और 8 अंकों से करारी हार दी। उधमपुर की टीम ने संभाग स्तरीय अंतर जिला गर्ल्स खो-खो टूर्नामेंट अपने नाम किया। सभी मैचों का संचालन जिला कार्यालय कठुआ द्वारा नामित विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा किया गया। जिला अधिकारी सुनील कुमार ने विजेता और उपविजेता को ट्रॉफी प्रदान की।