संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को गिरफ्तार किए जाने की आम आदमी पार्टी युनिट कठुआ ने पत्रकार वार्ता कर निंदा की। इस दौरान आम आदमी पार्टी कठुआ के प्रवक्ता दविंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री अमरनाथ ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरनाम सिंह ने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को परेशान करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं पर भारी टैक्स, जीएसटी में वृद्धि, किसानों के मुद्दे, त्रिपुरा जैसे कुछ राज्यों में अराजकता, गुजरात, जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करी और महंगाई जैसे ज्वलंत सार्वजनिक मुद्दों के खिलाफ बोलने वालों को केंद्र सरकार चुप करवाने के लिए सीबीआई, ईडी, आईटी और पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है। जनहित के मामलों पर आवाज उठाने वालों को झूठे और आधारहीन मामलों में फंसाने का काम केंद्र सरकार कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि संजय सिंह पर की गई कार्रवाई पूरी तरह से अवैध, गलत, अनुचित है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल का दौर चल रहा है। सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाली मीडिया की आवाज दबाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अलोकतांत्रिक और भाजपा की तानाशाही नीति अब और नहीं चलेगी।