संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। हीरानगर रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व मंत्री स्वर्गीय गिरधारी लाल डोगरा के नाम करने की मांग को लेकर रेलवे पैसेंजर वेलफेयर एसोसिएशन ने रेलवे स्टेशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा करीब 15 वर्षों से हम इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसके लिए रेल मंत्रालय और रेल विभाग के उच्च अधिकारियों से पत्राचार लगातार जारी है।
उन्होंने कहा गिरधारी लाल डोगरा ने अपने राजनीतिक कार्यकाल के दौरान जिस तरह से जन सेवा की वह एक मिसाल है और इस रेलवे स्टेशन का नाम उनके नाम पर करवाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। हमारा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इसी दौरान उन्होंने यह मांग भी की कि डीएमयू ट्रेन का समय बदल जाए ताकि लोगों को सहूलियत हो सके और साथ ही यहां टिकट पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम के बाद यहां उपस्थित सभी लोगों ने गिरधारी लाल डोगरा की जयंती के उपलक्ष्य पर उनकी तस्वीर पर पुष्प चढ़कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस मौके पर शांति स्वरूप,रमेश कुमार, राकेश शर्मा, मेला राम, संसार चंद, अजय कुमार आदि भी शामिल रहे।