श्रीनगर से शुरू हुई महिला बाइकरों की रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। श्रीनगर के लाल चौक से निकली सीआरपीएफ महिला जवानों की बाइक रैली रविवार को लौंडी मोड़ में स्थित सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर पहुंची। यह बाइक रैली का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर ग्रुप केंद्र के अधिकारी कर्मचारियों के अलावा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
विशेष तौर पर मौजूद उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार ने महिला बाइकर टीम का स्वागत करते हुए सीआरपीएफ द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा पहली महिला बटालियन का गठन, पहली महिला पाइप बैंड एवं पहली महिला बाइकर ग्रुप के गठन का श्रेय सीआरपीएफ को जाता है। नारी सम्मान व महिला सशक्तिकरण के लिए सीआरपीएफ हमेशा प्रयासरत है। इस मौके पर बेटियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आज बेटियां देश के हर क्षेत्र के विकास में योगदान दे रही हैं तथा सेना व पुलिस में भर्ती होकर देश की एकता अखंडता की रक्षा करते हुए देश सेवा में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ की ओर से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। सीआरपीएफ महिला बाइकर की यह रैली श्रीनगर से शुरू हुई जिसमें 50 महिला बाइकरों ने हिस्सा लिया। 15 राज्यों में 40 जिलों से गुजर कर दस हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय कर यह बाइकर भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं लोह पुरुष के नाम से जाने जाने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती पर दिनांक 31 अक्तूबर को देश के पश्चिमी हिस्सों में स्थित गुजरात राज्य के केवड़िया जिले में स्थापित उनकी मूर्ति ''स्टैच्यू ऑफ यूनिटी'' पहुंच कर संपन्न होगी। स्वागत समारोह में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। सीआरपीएफ महिला बाइक रैली का स्वागत गुडा मुंडिया और राजबाग में भी किया गया।