तेज गति से चल रहे टिप्परों पर लदी निर्माण सामग्री की धूल उड़कर लोगों की आंख में जाती है
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। हाईवे और संपर्क मार्गों पर बिना तिरपाल से ढके निर्माण सामग्री ढो रहे टिप्पर और ट्रैक्टर ट्राली तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं। इससे वाहनों पर लदी निर्माण सामग्री की धूल तेज गति की वजह से उड़कर हाईवे पर पैदल, साइकिल व मोटरसाइकिल से चलने वाले लोगों की आंख में जा रही है। इसकी वजह से कई बार लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। वहीं, चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे टिप्पर और ट्रैक्टर ट्राली चालक मनमानी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना तिरपाल से ढके मिट्टी, बजरी और रेत ले जा रहे इन वाहनों के पीछे दो पहिया वाहन लेकर चलना बेहद मुश्किल हो जाता है। तेज गति से चल रहे टिप्पर से बजरी गिरने से कई बार छोटे चार पहिया वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं चौक-चौराहों में नाके लगाकर दोपहिया वाहनों के चालान काटते हुए पुलिस को तो अक्सर देखा जा सकता है लेकिन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले टिप्पर चालक उन्हें दिखाई नहीं पड़ते। इस संबंध में विक्रम सिंह डीटीआई ने कहा कि बिना तिरपाल से ढके निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों पर पहले भी कार्रवाई की गई है और आगे भी की जाती रहेगी। पिछले एक महीने में करीब 65 से 70 चालान बिना तिरपाल वाले टिप्परों के किए गए हैं। जिन स्थानीय ठेकेदारों और यहां सड़कों का निर्माण कार्य कर रही कंपनियों की यह टिप्परें हैं उनसे भी कई बार बैठकें कर यह निर्देश दिए गए कि वह सड़कों पर बिना तिरपाल से ढके निर्माण सामग्री न ढोएं।