आशा वर्कर्स ने अपनी मांगो को लेकर फिर किया प्रदर्शन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर आशा वर्कर्स ने तहसील कार्यालय के नजदीक एक बार फिर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे पहले भी वह अपनी मांगो को लेकर पिछले सप्ताह तीन बार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने कहा बार बार प्रदर्शन करने के बावजूद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, इसलिए अब उन्हें कोई ठोस कदम उठाना पडेगा। प्रदर्शन में शामिल राज कुमारी ने कहा आशा वर्कर पर सारा काम सौंपा जाता है वह चाहे किसी सर्वे का काम हो या ऑनलाइन अपडेशन का काम हो।
कोरोना काल के दौरान भी इन आशा वर्कर्स ने फ्रंटलाइन कर्मी के तौर पर बिना डरे काम किया लेकिन उसके बदले में हमें यह मिला कि अब हमें अपने हक के लिए हर तीसरे दिन प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा अब ऑनलाइन काम के लिए उन पर यह दबाव बनाया जा रहा है कि वह मोबाइल खरीद कर इस काम को पूरा करें। दो हजार के वेतन से वह मोबाइल कहां से खरीदें और उसे पर रिचार्ज कहां से कराएं। दो हजार रुपये मिलने वाले मानदेय से महंगाई के दौर में घर का खर्च कैसे चलाएं यह समझ में नहीं आ रहा है। प्रदर्शन में शामिल अन्य आशा वर्करों ने चेतावनी दी कि अगर शांतिपूर्ण तरीके से अपना हक मांगने पर सरकार ने उनका हक नहीं दिया तो अपना संघर्ष और तेज करेंगे। प्रर्दशन में मधु बाला, सीमा देवी, रेनु बाला आदि भी शामिल रहे।