कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज के मैदान में एडमिन कप क्रिकेट टूर्नामेंट में सीएमओ इलेवन ने पीडब्ल्यूडी इलेवन को 16 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच के अंतिम ओवर तक चले संघर्ष ने दर्शकों को बांधे रखा। इससे टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा बनी रही है।
मंगलवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएमओ इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 148 रन बनाए। टीम के लिए अमित जसरोटिया ने 37 गेंदों पर 58 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, संजीवन ने 13 गेंदों पर 17 रन और कय्यूम ने 30 गेंदों पर 19 रन का योगदान दिया। इस पारी में पीडब्ल्यूडी इलेवन के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। अरुण कुमार ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके। पंकज सिंह ने 19 रन देकर 2 विकेट लिए जबकि सुरिंदर ने 12 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पीडब्ल्यूडी इलेवन ने संघर्ष किया लेकिन पूरी टीम 20 ओवर में 132 रन ही बना सकी और 16 रन से हार गई। टीम के लिए रोहित शर्मा ने 52 गेंदों पर 53 रन बनाए। पंकज सिंह ने 12 गेंदों पर तेज 18 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नही दे पाए, जिसके कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में सीएमओ इलेवन के गेंदबाजों ने दबाव के क्षणों में शानदार प्रदर्शन किया। करण शर्मा ने 4 ओवर में मात्र 11 रन देकर 3 विकेट झटके और मैच का रुख पलट दिया। जबकि अमित जसरोटिया ने गेंदबाजी में भी 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। अमित जसरोटिया को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 58 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी हासिल किए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।