प्रथम सेमेस्टर में सीयूईटी के तहत दाखिला पाने वाले विद्यार्थियों की शुरू हुई कक्षाएं, दाखिला प्रक्रिया जारी
कठुआ। जिले के नौ कॉलेजों में विभिन्न विषयों में रिक्त सीटों को भरने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने दूसरे स्पॉट राउंड की तिथि को बढ़ाकर आगामी 14 अगस्त तक कर दिया है।
दरअसल, 9 और 10 अगस्त को राज्य स्तरीय अवकाश के चलते दाखिला तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। सीयूईटी के दो राउंड में दाखिला पाने वाले विद्यार्थियों की जीडीसी कठुआ ने रोल नंबर सूची जारी कर विभिन्न विषयों की कक्षाएं शुरू कर दी हैं।
बता दें कि जिले में नौ राजकीय डिग्री कॉलेज हैं जिसमें से डिग्री कॉलेज कठुआ और हीरानगर को इस बार उच्च शिक्षा विभाग ने दाखिले के लिए सीयूईटी की श्रेणी में रखा है। जबकि सात अन्य कॉलेज राजकीय महिला डिग्री कॉलेज कठुआ, राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़ीन, बिलावर, रामकोट, बनी, बसोहली और महानपुर को नॉन सीयूईटी श्रेणी में रखा गए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभी तक दो सीयूईटी और दो स्पॉट राउंड में दाखिला किए गए है। इसमें जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ ही एक मात्र ऐसा कॉलेज है जहां 35 फीसदी विभिन्न विषयों की सीटें भरी गई है। जबकि आठ अन्य कॉलेजों में अभी 25 प्रतिशत सीटें भी नहीं भरी गई है। जिसके चलते बार-बार उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दाखिला प्रक्रिया को लंबा किया जा रहा है। बीते सात अगस्त को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ की ओर से रिक्त सीटों की जारी सूची के मुताबिक, अभी भी स्वीकृत 27 विषयों में से 25 विभिन्न मेजर विषयों में 1480 सीटें नहीं भरी गई है। जीडीसी कठुआ में दाखिला कमेटी के समन्वयक राकेश सिंह ने बताया कि कालेज में एक तरफ जहां विभिन्न विषयों में रिक्त पड़ी सीटों को भरने के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है।
सीयूईटी के दो चरणों हुए दाखिला प्राप्त विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। 14 अगस्त को दाखिला प्रक्रिया खत्म होने के बाद दोनों स्पॉट राउंड में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के रोल नंबर सूची जारी कर कक्षाएं शुरू की जाएंगी।