कठुआ। जिले में आए दिन आने वाले डेंगू के मामले अब बेकाबू होते जा रहे हैं। बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 27 नए मरीज के सामने आने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार सामने आने वाले मरीजों में 12 मरीज कठुआ शहर के विभिन्न वार्डों से पाए गए हैं। वहीं, अन्य मरीज हीरानगर, बिलावर, बसोहली, बनी सहित कठुआ ग्रामीण इलाके के बताए गए हैं। इससे साफ है कि अब डेंगू सिर्फ शहर या आसपास के गांव तक सीमित नहीं रहा है बल्कि उसने पूरे जिले में अपने प्रसार लिए हैं।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक सामने आए 541 मरीजों में 395 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। ताजा सामने आए नए डेंगू के मरीजों में तीन मरीजों को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। वहीं अन्य को विभाग की निगरानी में उपचार की सभी सुविधाएं उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जा रही है।
डेंगू के नए मरीज के सामने आने के बाद विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में मच्छररोधी कीटनाशक के छिड़काव के लिए अभियान शुरू किया। इसमें करीब तीन हजार घरों में स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी।