जीआरपी कठुआ ने बच्ची को किया जिला बाल कल्याण समिति के सुपुर्द
कठुआ। जम्मू से पुणे जा रही झेलम एक्सप्रेस ट्रेन से एक साल की बच्ची मिलने का मामला सामने आया है। जीआरपी कठुआ ने बच्ची को जिला बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार बच्ची स्वस्थ है और उसे जिले के परीशा केंद्र में रखा गया है। वहीं, जिला बाल कल्याण समिति बच्ची के अभिभावकों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अलग-अलग पहलू से मामले की जांच कर रही है।
जीआरपी पुलिस कठुआ थाना प्रभारी अजय इंगोत्रा ने बताया कि मंगलवार रात 12 बजे ट्रेन स्टाफ से सूचना मिली कि जम्मू से पुणे जाने वाली ट्रेन में बच्ची मिली है। इसे जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने सीट पर बैठे यात्रियों को साैंपा और कहा कि इसका ख्याल रखना, मैं थोड़ी देर में आती हूं। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। इसके बाद ट्रेन स्टाफ सहित ट्रेन में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने उसे रेलवे स्टेशन कठुआ को सौंप दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इसकी सूचना जिला बाल कल्याण समिति को दी गई। बच्ची का मेडिकल चेकअप करवाने के बाद उसे जिला के परीशा केंद्र में रखा गया है।
फिलहाल बच्ची की देखभाल परीशा केंद्र में की जा रही है। समिति के अधिकारी विभिन्न मंचों से इसकी सूचना विभिन्न इलाकों में पहुंचाकर उसके माता पिता की तलाश कर रहे हैं। पुलिस बच्ची के ट्रेन में छूटने सहित छोड़े जाने के विकल्पों की छानबीन कर रही है।
-शीश पाॅल सिंह, संयोजक
जिला बाल कल्याण समिति