कठुआ। स्वतंत्रता दिवस को लेकर अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) सुरिंदर मोहन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आगामी राष्ट्रीय समारोह के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तहसीलदार मुख्यालय एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ को स्कूलों व कॉलेजों से श्रेष्ठ प्रस्तुतियों का चयन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि मुख्य कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मार्च-पास्ट की सलामी लेंगे। इस परेड में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल, वन संरक्षण बल, एनसीसी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्लाटून तथा पीटीएस एवं सेना के बैंड शामिल होंगे। एडीडीसी ने संबंधित विभागों को आयोजन स्थल पर मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक लॉजिस्टिक तैयारियों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीसी कठुआ विश्वप्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल चाढक, सीपीओ रंजीत ठाकुर, सीएमओ डॉ. विजय रैना आदि माैजूद रहे। संवाद