हीरानगर। माई टाउन माई प्राइड कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगर पालिका समिति कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विजिटिंग अधिकारी जम्मू-कश्मीर आरएलएम की मिशन निदेशक इंदु कनवाल चिब ने कस्बे की समस्याओं की जानकारी ली। आम लोगों के साथ बैठक में उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनी और कुछ समस्याओं का मौके पर ही निवारण किया। नगर पालिका समिति के अध्यक्ष और पार्षदों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासी विजय शर्मा ने कस्बे को जम्मू-कठुआ बस सेवा से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कठुआ बस सेवा के अलावा उपमंडल के अधीन आते सभी गांव से तहसील मुख्यालय के लिए सीधे यातायात की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसी दौरान कुछ लोगों ने समाज कल्याण विभाग में अधिकारी का पद खाली होने का मुद्दा उठाया। विभिन्न वक्ताओं ने कहा जिस अधिकारी की नियुक्ति बिलावर में है, उन्हें यहां का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनकी तरफ से यहां बैठने का कोई दिन निर्धारित नहीं हुआ है, इससे आम लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसी दौरान लोगों ने ईडब्ल्यूएस और राशन से संबंधित समस्याओं को भी उनके समक्ष रखा। समस्याओं को ध्यान पूर्वक सुनने के बाद निदेशक ने कस्बे को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि आरटीसी की बस सेवा मंगलवार से शुरू कराई जाएगी, इसके लिए नगर पालिका समिति सर्वसम्मति से जो रूट तय करेगी उसी हिसाब से यह बस सेवा शुरू की जाएगी। नगर पालिका समिति के अध्यक्ष विजय शर्मा ने कस्बे में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी उन्हें दी। इसी कार्यक्रम के तहत निदेशक मंगलवार को भी लोगों की समस्याएं सुनेंगी और विकास कार्यों का जायजा भी लेंगी।