कठुआ। ग्रामीण स्तर पर लोगों की समस्याओं से रूबरू होने के लिए शुरू किए गए बस्ती संपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत गांव दराला में भारतीय जनता पार्टी के एससी मोर्चा द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर मोर्चा के जिला प्रधान देव राज जनोत्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान करवाने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान नायब सरपंच व्यास देव ने गांव में व्याप्त पेयजल संकट का समाधान करने के लिए डीप बोर हैंडपंप लगाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गांव में जलशक्ति विभाग द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले पानी अपर्याप्त होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ता है। सर्दी के मौसम अगर पानी के लिए लोग परेशान हो रहे तों गर्मी के मौसम में इस समस्या का विकाराल होना तय है। वहीं बिजली के अघोषित कटौती के बारे में ग्रामीण दर्शन सिंह ने कहा कि बार-बार बिजली की कटौती से किसानों की खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वहीं देव राज जनोत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश के हर नागरिक को उसका हक देने के लिए प्रतिबद्ध् है और लगातार उसके लिए काम किया जा रहा है। लोगों ने उनके समक्ष जो भी परेशानियां उठाई हैं उनका समाधान करने के लिए वह संबंधित विभागों से बात करेंगे। इस मौके पर गरमेज सिंह, शांता कुमार, सुभाष चंद्र, बलबीर चंद के अलावा कई अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।