बिलावर। सरकार की ओर से जारी माई टाउन माई प्राइड कार्यक्रम में सोमवार को सीईओ आयुष्मान भारत संजीव एम गडकर ने बिलावर में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जाना। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के प्रांगण में पहुंचे अधिकारी ने सरकार की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और सरकार की विभिन्न योजनाओं की ऑनलाइन जानकारी हासिल की। समाज कल्याण विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को व्हीलचेयर उपलब्ध करवाई गई। इसके बाद नगर कमेटी के अधीन वार्डों में चल रहे मेगा परियोजना का अधिकारी ने निरीक्षण किया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में सरगम क्लब सांबा के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशा मुक्त और सफाई अभियान के बारे में जागरूक किया। वहीं, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें वॉलीबाल के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में विजेता रही टीमों को पुरस्कृत किया गया।इस अवसर पर एडीसी बिलावर तहसीलदार बिलावर कई विभागों के अधिकारी नगर कमेटी के अध्यक्ष कई वार्डों के पार्षद और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।