लखनपुर में स्टालों का निरीक्षण करते वन विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। माई टाउन माई प्राइड कार्यक्रम के तहत जिले में जारी जन अभियान शहरी के तीसरे दिन शहरी स्थानीय निकायों द्वारा आज कई गतिविधियों आयोजित की गई। इस दौरान आयुक्त सचिव वन संजीव वर्मा ने म्यूनिसिपल कमेटी लखनपुर और हीरानगर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए विभागों को आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वनिधि लाभार्थियों के बीच भूमि पासबुक और स्वीकृत ऋण का वितरण भी किया।
आयुक्त सचिव ने पीएचसी लखनपुर का भी दौरा किया। जहां उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और पीएचसी परिसर में पौधरोपण भी किया। वहीं, हीरानगर में चल रहे जन अभियान शहरी कार्यक्रम में भाग लेकर उन्होंने आम लोगों से बातचीत की और इस अवसर पर स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई उनकी मांगों, शिकायतों, मुद्दों को भी सुना। कार्यक्रम के दौरान आयुक्त सचिव ने शहरी स्थानीय निकायों के प्रयासों की सराहना करते हुए शासन प्रक्रिया में शहरी लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक चैनल के रूप में माई टाउन माई प्राइड 2.0 तक चलाए जाने वाले जन अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और अपने सुझाव, सलाह और नवीन विचार दें, ताकि लोगों की बढ़ती विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके। शहरी खेती के महत्व पर जोर देते हुए वर्मा ने जनता से आधुनिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। तीसरे दिन जिले के सभी नगरपालिका क्षेत्रों में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए जागरूकता कार्यक्रमों, वृक्षारोपण अभियान, विशेष स्वच्छता अभियान, कचरा विरोधी अभियान और अन्य गतिविधियों की एक श्रृंखला आयोजित की गई। विभिन्न विभागों द्वारा संबंधित नगरपालिका परिसरों में स्टॉल और पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए। जिसमें लोगों को दी गई विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया और इन काउंटरों पर लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।