हीरानगर। चकड़ा गांव में स्थित प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में बन रही नई इमारत के बाद सीमावर्ती लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं और बढ़ेंगी। इससे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। 15 लाख की लागत से यहां एक बड़े कमरे और वॉशरूम का निर्माण कार्य चल रहा है। जनवरी में यह कार्य पूरा होने के बाद यहां मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट बनेगा, जहां गर्भवती महिलाओं के लिए बच्चों की डिलीवरी कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
इस इलाके से जुड़े लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए उप जिला या जिला अस्पताल जाना पड़ता है। इससे लोगों का काफी समय और पैसा बर्बाद होता है। नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से करोल कृष्णा, बोबिया, करोल बिदो, चक चंगा, छन्न टांडा, रिहाठे चक, भगवाना चक, लड़वाल आदि करीब एक दर्जन गांवों को इसका लाभ होगा।
-----------------------------------
स्वास्थ्य केंद्र में पहले जगह कम होने की वजह से सुविधाएं कम थी। लेकिन नई इमारत के बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां सुविधाएं बढ़ाई जाती हैं तो निश्चित तौर पर सीमावर्ती लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत होगी। लंबे समय से लोग स्वास्थ्य केंद्र की इमारत के विस्तारीकरण की मांग कर रहे थे। - राकेश शर्मा, पूर्व सरपंच
--------------------------------------
नए कमरे बनते ही यहां स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी तब ही इसका लोगों को सही फायदा होगा। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर पूरे नहीं होंगे तो बड़ी इमारत का क्या करेंगे। इसलिए स्वास्थ्य विभाग इस बात का विशेष ध्यान रखे कि जैसे जैसे यहां कमरों की संख्या बढ़ती जाए उसी तरह स्टाफ भी बढ़ता जाए। - किशोर कुमार, चक भगवाना
--------------------------------
पीएचसी में बन रही नई इमारत का काम जनवरी में पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं और बढ़ जाएंगी। महिलाओं की डिलीवरी की व्यवस्था की जाएगी। स्टाफ को भी बढ़ाया जाएगा। सीमावर्ती इलाके के इस स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ने से उप जिला अस्पताल का बोझ भी कम होगा। - डॉक्टर स्वामी शरण, बीएमओ