हीरानगर। कंडी क्षेत्र के गांव बासियां में आवाम प्रोग्रेसिव मिशन की बैठक में लोगों ने गांव में नियमित पानी की आपूर्ति न होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या हल नहीं की गई तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
मिशन के अध्यक्ष केआर रैना बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में सप्ताह में एक दिन ही पीने के पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिससे परेशानी हो रही है। कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही। मजबूरन उन्हें मीलों पैदल चलकर पानी ढोना पड़ रहा है। सरकार हर घर नल से जल पहुंचाने का दावा तो कर रही है, लेकिन नलों में पानी आ रहा है या नहीं, इसकी सुध भी सरकार को लेनी चाहिए।
केआर रैना ने समस्या सुनने के बाद संबंधित विभाग को चेतावनी दी कि गांव में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं की तो संगठन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलेगा। बैठक में राजकुमार, पूर्ण चंद, अंचल दास, विद्या देवी, शांति देवी, बबली देवी आदि मौजूद रहीं।