कठुआ। कठुआ जिले में डेंगू इस बार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को 6 और बुधवार को 3 मामले डेंगू के आए। हालात यह हैं कि कठुआ जिले में अबतक 165 मामले डेंगू के रिपोर्ट हो चुके हैं। नवंबर का महीना लगभग बीतने वाला है और न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके बाद भी डेंगू के नए मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को जिले में डेंगू के तीन नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। सभी मामले अलग-अलग इलाकों से हैं। स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर सतर्क हो गया है।
उधर, बीते सप्ताह कठुआ में एक मामला चिकनगुनिया का भी सामने आ चुका है। राहत की बात यह है कि संक्रमित पाया गया व्यक्ति अब स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ठीक हो चुका है। हीरानगर सब डिवीजन के एक गांव से सामने आए चिकनगुनिया के मामले में पीड़ित का यात्रा इतिहास रहा है। सीएमओ कठुआ डॉ. राकेश मंगोत्रा ने बताया कि फिलहाल जिले में चिकनगुनिया का कोई मामला नहीं है। जम्मू से बीते दिनों एक मामला कठुआ जिले का रिपोर्ट हुआ था, जो अब स्वस्थ हो गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल डेंगू के मामलों का सामने आने का सिलसिला जारी है। छह नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। मलेरिया विंग की टीमें लगातार लोगों को जागरूक करने का काम कर रही हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चिकनगुनिया भी डेंगू की तरह ही है। यह भी मच्छर के काटने से होता है। मरीज में लक्षण भी उसी तरह के रहते हैं।