कठुआ। धारा 144 की पाबंदी के बीच सांसद सिमरनजीत सिंह मान के कठुआ पहुंचने पर पुलिस महकमा सकते में आ गया। अक्तूबर माह की 17 तारीख को जम्मू-कश्मीर में दाखिल हो रहे मान को प्रशासन ने धारा 144 लागू करते हुए प्रवेश पर पाबंदी लगाई थी। इसके बाद मान ने कोर्ट का दरवाजा खट खटाया था। चार दिन तक लखनपुर में कोर्ट के निर्णय का इंतजार करने के बाद तारीख 14 नवंबर की तय हुई, जिसके बाद मान लौट गए। लेकिन सोमवार को तारीख से ठीक पहले मान कठुआ शहर के बीच पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस भी मान के एकाएक और बिना जानकारी कठुआ पहुंचने से हक्की बक्की रह गई। आनन फानन दो थानों की पुलिस को शहर के एक निजी होटल के बाहर तैनात कर दिया गया। इस होटल में सिमरनजीत सिंह मान ठहरे हैं।
रविवार शाम सात बजे के लगभग पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को पता चला कि सांसद सिमरनजीत सिंह मान कठुआ शहर पहुंच गए हैं। इस सूचना से दो थानों की पुलिस के अलावा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां भी सकते में आ गईं। मान की याचिका पर कठुआ कोर्ट में तारीख को देखते हुए पुलिस ने सोमवार सुबह से ही लखनपुर में पुलिस बल तैनात करने थे, लेकिन इससे पहले ही मान जम्मू-कश्मीर में दाखिल हो गए। मान के कठुआ के एक निजी होटल में पहुंचने की जानकारी के बाद से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मान के साथ उनके समर्थकों ने कहा कि सांसद का लोकतांत्रिक अधिकार है कि वे भारत के किसी भी कोने में जा सकते हैं, लेकिन जम्मू-कश्मीर में उनके दाखिल होने पर पाबंदी लगा दी गई है। जिसके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की गई है। सोमवार को कोर्ट में तारीख है लिहाजा वे कठुआ पहुंचे हैं।