बिलावर। देवल पंचायत के वार्ड 3 में 2 महीने पूर्व सड़क का निर्माण किया गया था, जिसके कारण सड़क किनारे बिछाई गई पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे आज तक ठीक नहीं किया गया है। नतीजतन मोहल्ला अंडोत्रा के करीब 50 घरों के लोगों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी नसीब सिंह, परसराम, रामदास विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया है कि मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से आज तक पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई। इससे मोहल्ले के करीब 300 लोगों को पेयजल के लिए वार्ड में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों की तरफ जाना पड़ता है। लोगों ने कहा कि इस संबंध में कई बार जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया है लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं किया गया। लोगों ने जल शक्ति विभाग से क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन को ठीक कर के मोहल्ले में जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश गुप्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन को ठीक करने के लिए नई पाइपें उपलब्ध हो गई हैं जल्द मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।