कठुआ। जम्मू और कश्मीर ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन की ओर से डीसी कार्यालय परिसर में निर्यात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में निर्यात के लाभ, आईईसी कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया, इंडिया बिजनेस पोर्टल और इंडिया ट्रेड पोर्टल के बारे में जागरूकता, निर्यात के लिए क्रेडिट लिंकेज और क्रेडिट जोखिम बीमा सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्षेत्र के उत्पादों की क्षमता पर विस्तृत चर्चा की गई।
वहीं, जिला स्तर पर निर्यात जागरूकता कार्यशालाओं का उद्देश्य जम्मू और कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश से निर्यात को बढ़ावा देना और समर्थन करना है। प्रत्येक जिले को निर्यात हब बनाने, वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट पहल के रूप में जिले के तहत निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करना है। कार्यशाला कठुआ जिले के वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट उत्पादों और मशरूम, बसोहली पेंटिंग्स, बसोहली पश्मीना आदि सहित अन्य फोकस उत्पादों की क्षमता पर भी केंद्रित रही। कार्यशाला का आयोजन एडीसी अतुल गुप्ता की अध्यक्षता में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, विदेश व्यापार महानिदेशालय, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन, एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, स्टेट बैंक के सहयोग से किया गया।