कठुआ स्थित कार्यकारी अभियंता कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते जलशक्ति विभाग के अस
- फोटो : KATHUA
कठुआ। नियमित किए जाने की मांग को लेकर पिछले चार महीने से ज्यादा समय से हड़ताल पर बैठे जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। वीरवार को विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में जमा हुए सैकड़ों अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से उन्हें जल्द नियमित किए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे शविंद्र शक्ति सिंह ने कहा कि उनकी हड़ताल को 140 दिन हो गए है लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में अस्थायी कर्मचारियों ने भी निर्णय लिया है कि जब तक नियमित नहीं किया जाएगा तब तक हड़ताल वापस नहीं लिया जाएगा। इस दौरान एसआरओ 64 के तहत पक्का किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गत दिनों जम्मू में सरकार के प्रतिनिधियों और हड़ताली कर्मचारियों के नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद सरकार ने कुछ लचीला रुख दिखाया है। ऐसे में उम्मीद है कि विधान सभा के चुनाव की घोषणा होने से पूर्व अस्थायी कर्मचारियों को कुछ न कुछ राहत सरकार की ओर घोषित की जाएगी। अगर सरकार ने पूर्व की सरकारों की तरह ही अस्थायी कर्मचारियों के साथ छल किया तो उसे भी इसका हिसाब चुनाव में चुकाना पड़ेगा। हड़ताल पर बैठे सभी 22 हजार कर्मचारी अब अपना हक लेने के बाद ही उठने का मन बना चुके हैं। लिहाजा सरकार जल्द से जल्द अस्थायी कर्मचारियों की मांग को पूरा करे। प्रदर्शन में धर्मपाल, जयदेव, गगनदीप सिंह, पुष्पराज, सुरेंद्र कुमार, नरेश सिंह, राकेश कुमार, कुलदीप कुमार, विजय शर्मा, राजेश्वर सिंह आदि उपस्थित रहे।