बिलावर। इलाके में पिछले 2 दिनों से जारी बूंदाबांदी और तेज हवाओं से अब इलाके का मौसम परिवर्तित हो गया है। वातावरण में नमी आ जाने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस वर्ष इलाके में ठंड का एहसास दीपावली के बाद ही शुरू हो गया था, लेकिन मौसम साफ रहने पर ठंड का असर कम दिख रहा था। मंगलवार और बुधवार को इलाके में हुई बूंदाबांदी के बाद देर शाम को ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठिठुरन महसूस हुई और लोग सुबह ही धूप का इंतजार करते दिखाई दिए।
वीरवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा और बादलों के साथ सूर्य देव की लुका छुपी जारी रही। बता दें कि पिछले 3 दिनों से इलाके में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी गिरता जा रहा है, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। इलाके में ठंड की दस्तक से घरों में अलमारी में बंद गर्म कपड़े लोग अब निकालने लगे हैं। उधर बाजारों में भी गर्म कपड़ों का बाजार सजने लगा है। दुकानों में रंग-बिरंगे अलग-अलग डिजाइन के स्वेटर, जैकेट, मफलर, कोट, लेडीज कोट, गरम मोजे और कई तरह के गर्म कपड़े दुकानदारों की ओर से ग्राहकों के लिए उपलब्ध करवाए गए हैं।