जिला में 127 पहुंचा डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू का कहर जारी है। लगातार मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को पांच नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके चलते जिला में इस सीजन के दौरान अब तक मिले डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा 127 हो चुका है। डेंगू के कहर को कम करने के लिए एक तरफ जहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित इलाकों में स्प्रे किया जा रहा है, तो नगर परिषद की ओर से सुबह और शाम को फॉगिंग की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक मिले संक्रमितों में अधिकतर शहरी एरिया से संबंधित हैं। उनमें से भी वार्ड 14 में सबसे अधिक मामले अब तक सामने आ चुके हैं। इसके अलावा, हीरानगर और नगरी में भी कई मामले सामने आए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के वार्ड 14, 17, हीरानगर, बसोहली, नगरी और बिलावर के कुछ स्थानों पर स्प्रे की गई। वहीं, नगर परिषद की ओर से दोबारा वार्ड एक से 21 तक के इलाकों में फॉगिंग का शेडयूल जारी किया है। नगर परिषद कठुआ के कार्यकारी अधिकारी जोधराज का कहना है कि उनकी टीमें सुबह और शाम दोनों समय फॉगिंग कर रही हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा का कहना है कि डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को तेज कर दिया है। जिन इलाकों से मरीज मिले हैं, वहां सर्वे करवा आसपास से 50 घरों में चैकिंग की जा रही है। इसके अलावा, हर डेंगू पॉजीटिव मरीज के परिवार व पड़ोसियों सहित 10 लोगों की सैंपल स्लाइडें बनाई गई हैं। जीएमसी में 10 बेड डेंगू पॉजीटिव मरीजों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। जीएमसी में रोजाना एलाइजा टेस्ट किए जा रहे हैं। ताकि, समय रहते मरीजों का पता चले और उनका ईलाज शुरु किया जा सके। उन्होंने बताया कि नगर परिषद को निर्देश दिए गए हैं कि उनके अधिकार क्षेत्र में कहीं जलजमाव ना हो। इसके अलावा, सफाई व्यवस्था दरुस्त रहे। ताकि, शहर को डेंगू के खतरे से बचाया जा सके।