डीसी ने की कठुआ और बिलावर डिवीजनों में सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। डीसी राकेश मिन्हास ने मंगलवार को डीसी कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसमें बताया गया कि 256 में 36 योजनाएं लंबित हैं। इस पर डीसी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
कठुआ और बिलावर डिवीजन में पीएमजीएसवाई के लिए स्वीकृत कुल 256 कार्यों में से 134 कठुआ और 122 कार्य बिलावर के लिए स्वीकृत किए गए थे, ताकि अछूते क्षेत्रों में सड़क सुविधा प्रदान की जा सके। दोनों डिवीजनों द्वारा प्राप्त प्रगति के मूल्यांकन के दौरान डीसी को एक्सईएन बिलावर द्वारा सूचित किया गया कि 122 स्वीकृत योजनाओं में से 97 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और शेष 25 योजनाएं उक्त समय सीमा में पूरी हो जाएंगी। इसी प्रकार, कार्यकारी अभियंता कठुआ ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि कुल 134 योजनाओं में से 123 कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अन्य 11 योजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें भी निर्धारित तिथि से पहले पूरा कर लिया जाएगा। डीसी ने दोनों कार्यपालक अभियंताओं को समयबद्ध तरीके से सभी कार्यों को पूरा करने के लिए गति बढ़ाने का निर्देश दिया, साथ ही निर्धारित समय के भीतर अधिकतम लक्ष्य कार्यों को प्राप्त करने के लिए बाधाओं को दूर करने का भी आह्वान किया। लंबित कार्यों के संबंध में डीसी ने संबंधित अधिकारियों से ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करने का आह्वान किया, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके। उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को गुणवत्ता का ध्यान रखने पर भी जोर दिया। बैठक में पीएमजीएसवाई कठुआ और बिलावर डिवीजनों के सीपीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।