कठुआ नहर में माधोपुर बैराज से कच्ची नहर के जरिए फिलहाल किसानों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी अगले सात दिन के भीतर मिलना शुरू हो जाएगा। यूं तो पंजाब का सिंचाई विभाग दो अक्तूबर तक पानी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया था लेकिन क्षतिग्रस्त बैराज और नहर निर्माण में कुछ दिन और लगना तय माना जा रहा है।
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग कठुआ के अधीक्षण अभियंता राजीव गुप्ता ने बताया कि रावी का पानी है पंजाब की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। बैराज से कठुआ कनाल का इनलेट की ओर पानी का बहाव तैयार करने के लिए कच्ची नहर बनाई जा रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जम्मू कश्मीर में अग्रिम कृषि सीजन में किसानों को राहत देने के लिए यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नहर बनाने के लिए काम तेजी से जारी है और उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर नहर में पानी का बहाव शुरू हो जाएगा।