जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताएंसंवाद
स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में बुधवार को फुटबाल में अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबले और मुक्केबाजी में सभी आयु वर्ग के बालक व बालिकाओं के मुकाबले आयोजित किए गए। फुटबाल में बालिका अंडर -19 का मैच जिला कठुआ और पुंछ के बीच खेला गया। इसमें कठुआ ने 3-0 से मैच अपने नाम कर लिया।
वहीं अंडर -17 का फुटबाल मुकाबला जम्मू और कठुआ के बीच खेला गया। इसमें जम्मू ने कठुआ को 5-0 से हरा दिया। जबकि खबर लिखे जाने तक मुक्केबाजी के मुकाबले जारी थे। इससे पहले युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से अंतर-जिला संभाग स्तर की फुटबाल और मुक्केबाजी की प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला उपायुक्त राजेश शर्मा ने किया। प्रतियोगिताओं का संचालन जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुनील सिंह सम्याल की देखरेख में किया गया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राजेश शर्मा ने युवा खिलाड़ियों से मैदान पर खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। जिला खेल अधिकारी सुनील सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिताएं विभाग के वार्षिक खेल कैलेंडर का हिस्सा है, जिनका मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान करना और खेलकूद की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस मौके पर तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार और ब्लॉक विकास अधिकारी कीड़ियां गंडयाल स्कृति कौल सहित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के स्टाफ मौजूद रहे।