गांव जंडोर में राशन किल्लत को लेकर ग्रामीणों का शिष्टमंडल सोमवार को जिला उपायुक्त से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लोगों के लिए लखनपुर में राशन डिपो बनाया गया है। लेकिन पिछले कई महीनों से वहां राशन की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसके कारण उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि उनके गांव में ही राशन डिपो बनाया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता करते हुए विद्यासागर शर्मा ने कहा कि पिछले कई महीनों से लखनपुर राशन डिपो पर राशन की किल्लत है। उन्होंने बताया कि गांव में 250 घर हैं, लेकिन विभाग गांव में राशन डिपो नहीं बना रहा है।
इसके कारण लोगों को लखनपुर आकर राशन लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बिना राशन के लोगाें को भारी दिक्कतों का सामाना करना पड़ रहा है। एक तो विभाग अब भी वर्ष 2001 की जनगणना के हिसाब से कोटा मंगवाता है। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त राशन नहीं मिल पाता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि या तो राशन डिपो उनके गांव में बनाया जाए या लखनपुर में ही पर्याप्त राशन उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि राशन की किल्लत से गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों की सुध लेनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर वह प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।