-लखनपुर में ही रोक लिए जाएंगे वाहन, प्रशासन ने पठानकोट में ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन को भी लिखा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। अखनूर बस हादसे से सबक लेते हुए प्रशासन ने जम्मू के दोमाना में लगने वाले झिड़ी मेले में श्रद्धालुओं के लोड कैरियर व ट्रकों में सफर करने पर रोक लगाने का फैसला लिया है। पंजाब से आने वाले अधिकतर श्रद्धालु खुले ट्रकों और लोड कैरियर में सवार होकर मेला स्थल पर पहुंचने हैं। अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने ऐसे वाहनों को लखनपुर में ही रोकने की योजना बनाई है। इसके अलावा जिले से सटे पंजाब के पठानकोट प्रशासन को भी ट्रकों और लोड कैरियर में आने वाले श्रद्धालुओं को रोकने के लिए लिखा गया है।
झिड़ी मेले में उत्तर भारत के विभिन्न जिलों से आने वाले भक्त आम तौर पर समूहों में ट्रकों और लोड कैरियर में परिवार सहित आते हैं। ऐसे वाहनों के प्रदेश में प्रवेश को रोकने के लिए यातायात विभाग ने लखनपुर में विभिन्न एजेंसियों का एक संयुक्त नाका स्थापित करने का फैसला लिया है। यातायात विभाग की ओर से इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए डीसी कठुआ, एसएसपी कठुआ, आरटीओ कठुआ समेत डीसी, एसएसपी और यातायात विभाग पठानकोट को भी लिखा गया है। उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पंजाब की ओर से आने वाले ऐसे वाहनों को दिक्कत न हो, ऐसे में संबंधित जिलों को निर्देश दे दिए जाएं। इसके अलावा पंजाब के माधोपुर में ही नाका लगाकर इन वाहनों को रोक दिया जाए।
एसएसपी ट्रैफिक रूरल विनय कुमार ने बताया कि अखनूर हादसे के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में यातायात नियमों को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसी भी सूरत में ओवरलोडिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। झिड़ी मेले को लेकर पंजाब और कठुआ के प्रशासन, पुलिस और मोटर व्हीकल विभाग को भी लिख दिया गया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोड कैरियर या मॉडिफाइ वाहनों में यात्री सफर न करें। लखनपुर कॉरिडोर से ट्रक, ट्रॉली आदि को यात्रियों को जम्मू कश्मीर में लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा अवधि के दौरान अतिरिक्त यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
..................
बाबा जित्तो के श्रद्धालुओं के स्वागत को आतुर प्रवेशद्वार लखनपुर
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रसिद्ध झिड़ी मेले में देशभर से इस बार भी हजारों की तादाद में भक्त हाजिरी लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे। बाबा जित्तो के दरबार झिड़ी में लगने वाले वार्षिक मेले के लिए एक और जहां तैयारियां जारी हैं वहीं श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए लखनपुर में भी तैयारियों शुरू हो चुकी हैं। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा व दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं से हर साल हाईवे गुलजार होता है। जम्मू के झिड़ी के बाद सबसे अधिक रौनक लखनपुर में देखने को मिलती है। श्रद्धालु कुछ क्षण के लिए रुककर यहां के मशहूर दाल बड़े का स्वाद लेना नहीं भूलते हैं।
.................
अमरनाथ के बाद झिड़ी मेले से रहती है अच्छे व्यापार की आस
झिड़ी मेले को लेकर सप्ताह भर पहले ही रौनक शुरू हो जाएगी। वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा के बाद झिड़ी मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से दुकानकारों को अच्छे व्यापार की आस रहती है। प्रवेशद्वार लखनपुर में सड़क किनारे दाल बड़े बेचने वालों की भी इन दिनों चांदी रहती है।
...............
सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कस्बे में व्यवसायियों से लेकर दाल बड़े वालों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और खानपान की साफ सुथरी चीजें बेचने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरियत मूल्य सूची लगाने को भी कहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। -पृथ्वी राज सांगड़ा, कार्यकारी अधिकारी, नगर कमेटी लखनपुर
..................