कठुआ। जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया ने उनकी विधानसभा क्षेत्र में ग्रीन जोन में रेड श्रेणी की औद्योगिक इकाइयों को स्थापित करने पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हम औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के विरोध में नहीं है, लेकिन जो भी लगेगी वह स्थापित कानूनों के मुताबिक ही होगी।
दरअसल, जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र नगरोटा गांव के नजदीक सीमेंट प्लाट और सहार में एथेनॉल फैक्टरियों को लेकर स्थानीय विरोध प्रदर्शन कर रहे है और मांग कर रहे है कि सारे का सारा इलाका ग्रीन जोन पड़ता है, जहां रेड श्रेणी की इकाइयां स्थापित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मसले को लेकर वह अपनी जनता के साथ खड़े है और हरगिज इसका विरोध किया जाएगा।
बुधवार को राजीव जसरोटिया दिशा बैठक के बाद एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं। जहां उन्होंने उसके विधानसभा क्षेत्र में होम्योपैथी अस्पताल निर्माण को हरी झंडी मिलने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जतिंद्र सिंह को धन्यवाद दिया है। वहीं उन्होंने दिशा बैठक में केंद्रीय मंत्री से जुथाना पुल का शेष निर्माणकार्य पूरा करवाने के लिए 50 लाख की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। इसके अलावा उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन पीएचसी बरवाल को अधूरे कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने राशि की व्यवस्था कर दी है। वहीं उन्होंने अपने ही विधानसभा क्षेत्र में पीएचसी डिंगा अंब को जच्चा-बच्चा अस्पताल बनाने को लेकर मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया है। जसरोटिया ने उम्मीद जताई है कि जल्द डिंगा अंब में अस्पताल बनकर तैयार होगा।