कठुआ। जल संरक्षण के लिए पहल करते हुए शहर के वार्ड 12 में स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान चलाया। रविवार को दिन भर चले इस अभियान में जुटे युवाओं ने पहले बावली को पंप की सहायता से खाली किया। इसके बाद तली में जमा गाद को निकाला। नया पानी भरने के बाद पिछले कई महीनों से बंद बावली एक बार फिर से अपनी पुरानी स्थिति में आ गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार ने युवाओं के प्रयास की सराहना की और अपने खर्च पर बावली के टूटे हिस्से की मरम्मत का काम शुरू करवाया, ताकि बावली को आम लोगों के लिए उपयोगी बनाया जा सके।
बावली की सफाई में जुटे प्रिंस कुमार, विभांशु, सुनील मेहरा आदि का कहना है कि उनके वार्ड में स्थित मंदिर की इस बावली को वार्ड के सभी लोग अपने धार्मिक कार्यों के साथ पानी के लिए भी उपयोग करते हैं। भूमिगत जलस्तर नीचे जाने से बावली का बहाव बंद हो गया था। जिससे उसके पानी से बदबू आने लगी थी। लिहाजा उन्होंने बावली की सफाई का बीड़ा उठाया।