कठुआ। जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण के 50 नए मामले सामने आए। वहीं एक संक्रमित की मौत हो गई। जिले में संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 59 हो गया है। रविवार को शहर के निजी अस्पताल में उपचाराधीन मढ़ीन निवासी 65 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा। उसे 19 अप्रैल को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। वहीं 50 नए मामलों के आने के साथ सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 439 पहुंच गया है, जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान 30 संक्रमित ठीक भी हुए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर में इसी सप्ताह सात लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई। इनमें छह कठुआ जिले के निवासी हैं। रविवार को नए मिले 50 संक्रमितों में से 38 मामले सामुदायिक संक्रमण के हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में आई तेजी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच प्रक्रिया को भी बढ़ा दिया है। टीकाकरण में भी तेजी लाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीएमसी कठुआ में उपलब्ध जीएमसी में भर्ती 17 में से 12 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।