कठुआ/लखनपुर। कोरोना महामारी के तेजी से हो रहे प्रसार के बीच प्रदेश प्रशासन जांच बढ़ाने में जुट गया है। प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर में नए काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तक बीस जांच काउंटर चल रहे हैं। लखनपुर कॉरिडोर पर ही रोजाना दस हजार से अधिक लोगों की जांच करने के साथ ट्रक चालकों की जांच बढ़ाने को भी कहा गया है।
रविवार को नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के निदेशक यासीन चौधरी ने लखनपुर का दौरा किया। डीसी कठुआ राहुल यादव के साथ उन्होंने लखनपुर कॉरिडोर में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान लखनपुर में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वर्तमान में की जा रही जांच और इसके दायरे में आ रहे लोगों के संबंध में नोडल अधिकारियों ने निदेशक और डीसी कठुआ को जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों ने लखनपुर कॉरिडोर का जायजा लेते हुए समीक्षा की।
डीसी कठुआ राहुल यादव ने बताया कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लखनपुर में जांच के समय को कम करने और जांच को बढ़ाने को लेकर अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। जिन्हें खास तौर पर सुबह की शिफ्ट में चलाया जाएगा, क्योंकि सुबह के समय प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों की संख्या अधिक रहती है। अन्य सुविधाओं को बेहतर करने को लेकर समीक्षा की गई है।
रोजान छह हजार लोगों की हो रही जांच
निदेशक यासीन चौधरी ने बताया कि प्रदेश के बाहर से आने वाले छह हजार से अधिक लोगों की जांच रोजाना की जा रही है, जिसमें पॉजीटिव आने वाले लोगों का प्रतिशत 0.3 है जिस पर भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि खास तौर पर महाराष्ट्र और पंजाब से आने वाले लोगों पर निगरानी रखते हुए उनकी जांच करने को भी कहा गया है।