बनी। बनी स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब पांच महीनों से एक्स-रे मशीन के गैर-कार्यशील होने के मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लेखराज सुंदरम ने बीएमओ बनी को ज्ञापन सौंपकर एक्स-रे सुविधा को जल्द बहाल करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलदार बनी को भी ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
लेखराज सुंदरम ने कहा कि एक्स-रे मशीन लंबे समय से बंद होने के कारण मरीजों को जांच के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बनी जैसे पहाड़ी क्षेत्र में अस्पताल में एक्स-रे जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधा का उपलब्ध रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि मशीन की जल्द मरम्मत करवाई जाए और यदि मशीन मरम्मत योग्य नहीं है तो नई मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
लेखराज सुंदरम ने कहा कि जनता को स्वास्थ्य जांच के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने को मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनहित में इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द एक्स-रे सुविधा बहाल करने की मांग की।