दूसरे युवक को गंभीर अवस्था में किया गया रेफर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बनी। कठुआ जिले के बनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब कस्बे के एक निजी रेस्ट हाउस में ठहरे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से बीमार हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कठुआ रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनदीप सिंह पुत्र जनरल सिंह निवासी गुड्डू रोलका तथा प्रदीप सिंह पुत्र हंसराज निवासी गुड्डू दोलका पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक निजी रेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। देर रात अचानक मनदीप सिंह की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रदीप सिंह की हालत भी गंभीर हो गई। इसके बाद उसे तत्काल उप जिला अस्पताल बनी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज कठुआ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल बनी भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। थाना प्रभारी बनी पवन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था। इसके चलते यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट तथा अन्य जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच जारी है।