बनी में बारिश के बीच छाता लेकर जाती महिलाएंसंवाद
बनी। लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। अप्रैल महीने में भी ठंड का असर बना हुआ है। इससे लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। जनजीवन पर इसका असर साफ देखने को मिल रहा है।
लोगों के अनुसार पहले मार्च के बाद मौसम सुहावना हो जाता था और मैदानी इलाकों से पर्यटक ठंडी वादियों का आनंद लेने यहां पहुंचते थे। लोग घरों के अंदर और दुकानों के बाहर लकड़ी जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
कपड़ा व्यापारियों पर भी मौसम का असर साफ देखने को मिल रहा है। स्थानीय कारोबारी दिलीप कुमार ने बताया कि सामान्यतः मार्च के अंत तक ग्रीष्म ऋतु के कपड़ों की बिक्री शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार अप्रैल का महीना लगभग आधा गुजरने जा रहा है इसके बावजूद सर्दी के कपड़ों की ही मांग बनी हुई है।
इस खराब मौसम का असर सड़क संपर्क पर भी पड़ा है। बनी-बसोहली सड़क पर शनिवार सुबह हुई बारिश के कारण भूस्खलन हुआ जिससे मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक बंद रहा। इसके अलावा बनी-भंडार सड़क चौथे दिन भी बंद रही जबकि ढग्गर मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहा। बिगड़ते मौसम और सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।