एक शिक्षक के भरोसे 40 से अधिक छात्र, अधर में लटका छात्रों का भविष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। सरकारी प्राइमरी स्कूल टिटवाह में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। स्कूल में तीन शिक्षकों के पद स्वीकृत होने के बावजूद वर्तमान में केवल एक ही शिक्षक के सहारे 40 से अधिक छात्रों की पढ़ाई चल रही है जिससे छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
स्थानीय निवासी सूरज कुमार ने प्रशासन और शिक्षा विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। उनके अनुसार स्टाफ की भारी कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना असंभव हो गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। टिटवाह में एक ही शिक्षक पर सभी कक्षाओं की जिम्मेदारी है। इस कारण बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से नहीं हो पा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से स्कूल में खाली पड़े पदों को जल्द भरने की मांग की है।