कठुआ। जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके मूर्तिकार गणेश कुमार शर्मा को अंतरराष्ट्रीय मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिस्र की न्यू एडमिनिस्ट्रेटिव कैपिटल एकेडमी फॉर आर्ट, कल्चर एंड पीस द्वारा दिया गया है।
यह सम्मान शर्मा की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय कला जगत में योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया। यह सम्मान एकेडमी की ओर से आयोजित आठवीं चैलेंज प्रतियोगिता ‘व्हाट वॉज नॉट ड्रॉन’ में उनके योगदान के लिए दिया गया। इस प्रतियोगिता की घोषणा 25 सितंबर से 4 अक्तूबर 2026 तक की गई थी और इसके परिणाम हाल ही में घोषित किए गए हैं। एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. सैयद नासिर गौदा और अंतरराष्ट्रीय मीडिया हस्ती अबीर मोहम्मद महमूद ने गणेश कुमार शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बता दें कि हीरानगर के रहने वाले गणेश कुमार शर्मा पिछले चार दशकों से भी अधिक समय से कला और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्हें देश-विदेश की विभिन्न कला संस्थाओं की ओर से कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों तथा सम्मानों से नवाजा जा चुका है। मिस्र की प्रतिष्ठित संस्था से मिली मानद डॉक्टरेट की उपाधि को उनकी लंबी कलात्मक यात्रा और कला के प्रति समर्पण की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।