कठुआ। कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने लिए उपायुक्त राजेश शर्मा ने संबंधित विभागों को ठोस कचरा प्रबंधन नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नियमों की अनदेखी करने वाली औद्योगिक इकाइयों को नोटिस जारी कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा हैं।
डीसी ने मंगलवार को कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में जिले में ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कचरे का उचित संग्रह, गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग वर्गीकरण, सुरक्षित परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को अधिक मात्रा में कचरा पैदा करने वाली इकाइयों की पहचान कर उनके प्रबंधन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कचरा प्रबंधन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए औद्योगिक इकाइयों की निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।
डीसी ने कहा कि घरों और संस्थानों में ही कचरे को अलग-अलग करना जरूरी है। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाए और खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर स्वच्छता व्यवस्था के साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन जम्वाल, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, सहायक पंचायत आयुक्त अजीत कुमार सहित नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।