कठुआ। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत केंद्रीय सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) की 121 बटालियन की ओर से हीरानगर स्टेडियम परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने स्टेडियम में व्यापक श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान का नेतृत्व कमांडेंट अजीत भाटी ने किया। उनके साथ द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश कुमार सिंह, उप कमांडेंट संदीप शर्मा तथा उप कमांडेंट राणा भरतकुमार अंबालाल सहित बल के जवानों ने स्टेडियम परिसर की सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई। सीआरपीएफ जवानों ने स्टेडियम परिसर में विभिन्न स्थानों पर सफाई करते हुए कचरा हटाया और लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। अभियान के दौरान एकत्रित कूड़े का सही तरीके निपटारा किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट अजीत भाटी ने बल के कार्मिकों के साथ स्थानीय युवाओं को भी स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। अभियान के दौरान स्थानीय युवाओं और आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सीआरपीएफ की इस पहल से स्टेडियम परिसर में स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देखने को मिला।