संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार में चोरों ने एक महिला का थैला काटकर 45 हजार रुपये नकदी उड़ा ली। चोरी करने वाले इतने शातिर थे कि पीड़ित महिला को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। इससे शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
इससे पहले भी बाजार में ऐसी वारदातें सामने आ चुकी हैं। पीड़ित महिला किरण देवी निवासी वार्ड 9 ने बताया कि वीरवार सुबह वह मुखर्जी चौक स्थित जेके बैंक की मुख्य शाखा में मां के साथ पेंशन निकाले गई थी। उन्होंने बैंक से 45,000 रुपये की राशि निकली और बैंक के उस पार एक जूस की दुकान पर जूस पिया।
इसके बाद जब वे बाजार की भीड़भाड़ से फुट ब्रिज के पास पहुंची तो उसका थैले दोनों तरफ से कटा मिला। इसमें से नकदी गायब थी। व्यापारियों और लोगों का कहना है कि शहर में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। भीड़भाड़ वाले इस बाजार में कोई चोर गिरोह सक्रिय है जो आए दिन निर्दोष लोगों को निशाना बना रहा है। शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि अब तक कोई भी शिकायत नहीं मिली है लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को देख पुलिस मामले की जांच में जुटी है।