आरोपी पांच अन्य नशा मामलों में हो चुका गिरफ्तार, पीआईटी-एनडीपीएस के तहत हो चुकी है कार्रवाई
तस्कर से 35 ग्राम चिट्टा, 75,940 रुपये नकदी, 35 मोबाइल और लैपटॉप बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के पारलीवंड इलाके में शनिवार देर रात पुलिस ने नशा तस्करी के किंगपिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस पकड़े गए दो अन्य आरोपियों की जांच करने में जुटी हुई है। किंगपिन की पहचान अमनदीप सिंह निवासी वार्ड-8 कठुआ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के पांच अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी किंगपिन के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस के तहत पहले कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद वह दोबारा नशे के कारोबार में सक्रिय पाया गया। थाना प्रभारी आजाद अहमद ने बताया कि शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के वार्ड आठ में एक घर से बड़े स्तर नशे का कारोबार चलाया जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर से दो अलग-अलग पैकेटों में कुल 35.04 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इनमें एक पैकेट में 11.35 ग्राम और दूसरे में 23.69 ग्राम नशीला पदार्थ पाया गया। इसके अलावा मौके से 75,940 रुपये नकदी, 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और 120 सफेद पारदर्शी पॉली पाउच जब्त किए गए।
पुलिस का मानना है कि ये सभी सामान नशे की पैकिंग, सप्लाई और अवैध लेनदेन के नेटवर्क में इस्तेमाल होती थी। बड़ी संख्या में बरामद मोबाइल फोन इस ओर इशारा करते हैं कि आरोपी का संपर्क नशा खरीदने-बेचने वाले कई लोगों से था और वह एक संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों के भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विशेष रूप से शहर के युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें नशे की खेप बेचता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कठुआ थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।