फिल्ट्रेशन प्लांट का जायजा लेते हुए बसोहली विधायक जागरूक पाठक
जनशक्ति विभाग के अधिकारियों को जल्द तैनाती कर प्लांट को कार्यात्मक बनाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बसोहली। बसोहली में गंभीर जल संकट की स्थिति को देखते हुए, विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने थाना प्लासी में स्थित नवनिर्मित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। सोमवार को विधायक ने प्लांट परिसर का निरीक्षण कर, जल शोधन व्यवस्था और आपूर्ति तंत्र की स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जल शक्ति विभाग के सिविल और मैकेनिकल डिवीजन के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक ने पाया कि फिल्टर प्लांट तकनीकी रूप से पानी की सप्लाई शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को इस महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विधायक ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिल्टर प्लांट को चालू करने के लिए स्टाफ की जल्द से जल्द तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की कमी को बहाना बनाकर जनहित के कार्यों को लंबित रखना उचित नहीं है। इस दौरान उन्होंने प्लांट के संचालन से जुड़ी शेष औपचारिकताओं की जानकारी भी ली और निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।