घर में चोरों ने चप्पा चप्पा खंगाला संवाद
आठ लाख के गहनों सहित नकदी व दो लैपटॉप चोरी,वारदात सीसीटीवी में कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के शिवनगर इलाके में उपायुक्त कार्यालय से कुछ मीटर दूर चोरों ने दिनदहाड़े चोरी को अंजाम दिया। उन्होंने सूने घर में घुसकर आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों सहित 22 हजार रुपये नकद और दो लैपटॉप चुरा लिए। चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह घटना सोमवार दोपहर बाद की है। घर के सदस्य भगवती प्रसाद ने बताया कि यह घर उसके जीजा विजय पाधा का है जो अभी चंडीगढ़ में रह रहे हैं। वह बैंक से सेवानिवृत्त हैं। गत सोमवार सुबह 10 बजे उसकी बहन और भांजा महानपुर बसोहली स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। घर में रहने वाले दोनों किरायेदार मां वैष्णो देवी गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने लोहे की राड से मुख्य दरवाजा तोड़कर सोने-चांदी के गहनों सहित 22,000 रुपये की नकदी और दो लैपटॉप लेकर भाग गए। दोनों लैपटॉप किरायेदारों के हैं।
भगवती प्रसाद ने बताया कि चंडीगढ़ से जब उनके जीजा (विजय पाधा) ने मोबाइल फोन में देखा कि उनके घर में कोई अज्ञात व्यक्ति घूम रहा है तो उन्होंने इसकी सूचना घर के सदस्यों को दी। इसी दौरान घर के मालिक मोहल्ले में किसी को फोन कर उनके घर में जाने को कहा। पड़ोसी घर में घुसा और उसने शोर मचा दिया और चोर दीवार फांद कर भाग गए। भगवती प्रसाद के अनुसार चोरी किया एप्पल का लैपटॉप की लोकेशन अब भी शिवानगर इलाके में दिखाई दे रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज को खंगालने सहित अन्य पहलू की जांच में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आए दिन शहर में चोरी हो रही है लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।