डॉ. वासना ने एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों व शिक्षकों से की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वासना शर्मा ने जिले में चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि गत 28 फरवरी से शुरू हुआ टीकाकरण अभियान में अब तक 25 फीसदी किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है।
डॉ. वासना ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जिले भर में कुल 4583 किशोरियों को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है। इसमें से अब तक 1119 को टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों को सामने आना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान 14 वर्ष और उससे अधिक आयु की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी पात्र बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित आउटरीच सत्रों में यह टीका अवश्य लगवाएं, जो पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। डॉ. शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव करना है। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि आज की सुरक्षा, कल का स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करती है। लिहाजा लोगों को आगे आकर इस सरकार द्वारा निशुल्क टीकाकरण का लाभ उठाना चाहिए।