जिला फ्लोरीकल्चर विभाग ने कराया जिला स्तरीय कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला फ्लोरीकल्चर विभाग ने व्यावसायिक फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। रविवार को यह कार्यक्रम केंद्र प्रायोजित योजना एमआईडीएच के तहत किया गया। इसमें किसानों और युवाओं को फूलों की खेती और इससे जुड़े कृषि व्यवसायों करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त राजेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने बताया कि कृषि और इससे संबंधित विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और हर संभव सहयोग देने में मदद करेंगे। उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों, प्रशिक्षण सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता के माध्यम से युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इस मौके पर विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ ने किसानों को आय बढ़ाने वाले विकल्प के बारे में जानकारी दी।
बागवानी, पशुपालन और भेड़ पालन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को सब्सिडी आधारित योजनाओं, डेयरी और भेड़ पालन इकाइयों की स्थापना के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में जागरूक किया। फ्लोरीकल्चर विभाग के प्रतिनिधि ने फूलों की खेती से संबंधित विभिन्न योजनाओं और अनुदान के बारे में जानकारी दी। केवीके कठुआ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन ने किसानों को स्थानीय जलवायु के अनुसार उपयुक्त फूलों की किस्मों के चयन पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस मौके पर प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव भी साझा किए और किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने प्रगतिशील किसानों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक फ्लोरीकल्चर जम्मू विक्रांत शर्मा, उपनिदेशक फ्लोरीकल्चर सुनील सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी जतिंद्र खजूरिया, एएफओ शौकत अली सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।