संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने मंगलवार को जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शर्मा ने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से बैठक कर बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम के तहत पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने पर चर्चा की।
इसके अलावा शर्मा ने भारत-पाक सीमा से सटे संवेदनशील इलाके के नाकों और पुलिस पोस्टों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में तैनात पुलिस अधिकारियों, जवानों और ग्राम रक्षा रक्षक (वीडीजी) सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा हालात की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और पेशेवर तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में रात के समय सभी नाकों को और अधिक मजबूत करने के निर्देश देने के साथ-साथ अतिरिक्त सतर्क रहने के लिए कहा। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक और देश विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। डीआईजी ने बीएसएफ और पुलिस अधिकारियों से संयुक्त नाका स्थापित करने सहित विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा, आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए डीआईजी ने जवानों के बीच मिठाइयां वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया और सीमाओं पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर उनके साथ जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा, एसपी ऑपरेशन (कंडी एवं बॉर्डर) मुकुंद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।