संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के वार्ड-8 शुक्रवार रात को चोर दो घरों की सर्विस लाइन में लगे बिजली के तार काटकर ले गए। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने इसकी शिकायत पुलिस में की है।
पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सर्विस लाइन चोरी करते हुए लोगों के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाए हैं। पीड़ित परिवारों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोरी करने वालों ने नकाब पहना हुआ है जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।
स्थानीय और जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने बताया कि रात के अंधेरे में नशेड़ी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर यह तीसरा मामला है। शुक्रवार की रात एक ही मोहल्ले में सरदार हरभजन सिंह और कुलदीप कौर के घर में सर्विस लाइन के तार को चोरी किया है। इससे एक सप्ताह पहले लोगों ने तरसेम शर्मा के घर को निशाना बनाया था। पीड़ित कुलदीप कौर ने बताया कि एक साल पहले ही उन्होंने 10 हजार की बिजली की सर्विस लाइन लगाई थी।
उन्होंने बताया कि रात के करीब दो बजे जब बिजली बंद हुई तो उनको लगा की बिजली का कट लगा है लेकिन सुबह जांच करने पर पता चला कि चोर बिजली की तार ही चोरी कर गए है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि तारें काटने से न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पुलिस से मामले में ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा ने जिला प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने इस मौके पर बिजली विभाग को आड़े हाथों लिया और कहा कि बिजली विभाग घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए प्राप्त खंबे लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। इसके चलते उपभोक्ताओं को 50 से 60 मीटर लंबी सर्विस लाइन लगानी पड़ रही है।