पटेल नगर में चोरी की घटना के बाद छानबीन करती पुलिस। संवाद
परिवार का दावा - सोने की चूड़ियां, कंगन, अंगूठियां, झुमके और चांदी के जेवरात ले उड़े चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती शनिवार की रात चोरों ने पटेल नगर स्थित वार्ड 15 एक सूने घर में सेंध लगाकर 12 लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया है। चोरों ने घर को उस समय निशाना बनाया, जब कोई भी सदस्य घर में मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि घर की महिला अपनी बेटी के घर गई हुई थी, जब चोरों बंद पड़े घर को बीती रात को घर को निशाना बनाया गया।
बेटी मीनाक्षी संब्याल ने बताया कि चोरों ने घर के भीतर रखे लोहे का ट्रंक और अलमारी में रखे सभी गहनों ले गए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी हुए सोने के गहनों में तीन तोले की चूड़ियां, एक कंगन, अंगूठियां, झुमके और चांदी के जेवरात शामिल हैं। उन्होंने बताया बीती रात उनकी मां घर को बंद कर उसके घर आ गई थी। रविवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन पर बताया कि आपके घर के ताले टूटे हुए हैं और दरवाजा खुला पड़ा हुआ हैं। सूचना के बाद जब वह अपनी मां के साथ घर पहुंची तो देखा कि घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है और सोने और चांदी के जेवरात चोरी हो गए है। इस बीच उन्होंने इसकी सूचना पुलिस की दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एफएसएल कर्मियों के मदद से जांच कर मामले को सुलझाने में जुटी हुई है। कठुआ थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे, ताकि चोरी को वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। वहीं, स्थानीय लोगों में शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर काफी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन चोर खाली पड़े मकानों को निशाना बना रहे हैं। आश्चर्य की बात यह है कि चोरों को कैसे पता होता है कि घर में कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं है। कुछ ऐसी ही वारदातें पहले भी हटली चौकी से कुछ 100 मीटर दूरी पर सामने आ चुकी है, जब चोरों ने एक सप्ताह के भीतर दो घर को निशाना बनाकर लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया था।